खाद्य सुरक्षा दल ने सूखी सोनपपड़ी के नमूने लेकर, 11 किलो खराब हो चुकी मिठाइयों को कराया नष्ट
डीग शहर में खाद्य सुरक्षा दल ने पीतम स्वीट्स पर की जांच
डीग (नीरज जैन) राज्य सरकार द्धारा त्योहारी सीजन पर चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विजय सिंघल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डीग शहर में एक मिठाई की दुकान से सूखी हुई सोनपपड़ी के नमूने लिए और 11 किलो सूखी हुई मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया है कि उन्होंने डीग शहर में पीतम स्वीट्स नामक मिठाई की दुकान का निरीक्षण किया तो दुकान पर कोई खाद्य अनुज्ञा पत्र नहीं मिला। दुकान के काउंटर पर 8 किलो सूखी सोन पपड़ी और 3 किलो मावा कलाकंद जो भी सूख कर खराब हो चुका था बिक्री के लिए रखा हुआ मिला।खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिंह ने सूखी हुई सोनपपड़ी का सैंपल लेकर जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भरतपुर भिजवाया जहां से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जावेगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिंह ने 11 किलो सूखी हुई मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया है। उन्होंने बताया कि दुकानदार को मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। साथ ही भविष्य में गुणवत्ता युक्त सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट खोरो में हड़कंप मच गया है।


