जिला निष्पादन समिति की बैठक सम्पन्न :पंचायत एवं नगर निकायों के संभावित चुनावों के मद्देनजर पाठ्यक्रम समय पर करें पूरा
भरतपुर, 29 सितम्बर। अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी की अध्यक्षता में जिला निष्पादन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए बेहतर क्रियान्वयन करने एवं विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त कलक्टर ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानाचार्याें व अध्यापकों के माध्यम से डोर टू डोर अपने क्षेत्र के बच्चों के अभिभावकों से समन्वय स्थापित कर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2025 के तहत विद्यालयों की कक्षा 1 से 12 तक नामांकन दाखिला के लक्ष्य निर्धारित कर प्रगति लाये, साथ नामांकन रिपोर्ट शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025 की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार करने विद्यार्थियों के हित के लिए अतिरिक्त कालांश एवं ऑनलाइन क्लास सुविधायें उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले के शैक्षिक स्तर को अग्रणी जिलों की श्रेणी में लाने के लिए नियमित प्रभावी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत एवं नगर निकायों के संभावित चुनावों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम को शीघ्र पूरा करवाया जाए, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं हो। उन्होंने कहा कि मिड डे मील एवं पन्नाधाय बाल गोपाल योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि बालक बालिकाओं को मिल्क पाउडर और खाद्यान्न वितरण करने में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएं। उन्होंने आरटीई योजना का फीडबैक लेते हुए कहा कि इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चे निजी विद्यालयों में मुफ्त शिक्षा से वंचित नहीं रहें, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन की अनुपालना के सन्दर्भ में संबंधित अधिकारी फॉलोअप लें। उन्होंने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों को प्रोत्साहित कर नॉमिनेशन में प्रगति लाये। उन्होंने कहा कि बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र बनाने में समस्या का निस्तारण करने के लिए संबंधित विकास अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रगति लाएं। उन्होंने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को कहा कि अपने क्षेत्र में बरसात से क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूलों के भवनों की मरम्मत करवाने में सांसद, विधायक एवं भामाशाहों से सहयोग लिया जाए।
अतिरिक्त कलक्टर ने सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों से अपने क्षेत्र में मुख्यमंत्री हमारी बेटी योजना, वीरबाला कालीबाई भील बालिका फीस पुर्नभरण योजना, गार्गी योजना, इन्द्रा प्रियदर्शनी योजना, साईकिल, लैपटॉप योजना महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थिति, प्रगति करने एवं केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विद्यार्थियों के लिए विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनित कुमार शर्मा, डीईओ अतुल चतुर्वेदी, सुरेन्द्र गोपालिया सहित ब्लॉक शिक्षा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

