केन्द्रीय सहकारी बैंक की 72वीं आमसभा सफलता पूर्वक सम्पन्न
सहकारी समितियों को सुदृढ़ बनाने में निभाएँ सक्रिय भूमिका-जिला कलक्टर
भरतपुर, 29 सितम्बर। 7 वर्षों के अन्तराल के बाद सोमवार को केन्द्रीय सहकारी बैंक की 72वीं वार्षिक साधारण सभा का ऑफलाइन आयोजन निजी रिसोर्ट में बैंक प्रशासक एवं जिला कलक्टर कमर उल जमान चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
जिला कलक्टर ने अपने उद्बोधन में वर्ष 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बैंक की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने ग्राम सेवा सहकारी समितियों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में समिति अध्यक्षों एवं प्रशासकों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र में कस्टम हायरिंग सेंटर, जन औषधि केन्द्र, एफ.पी.ओ., पेट्रोल पम्प एवं गैस एजेंसी जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे समितियों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही निर्देश दिये कि समितियों के अध्यक्षों, प्रशासकों को राज्य की उत्कृष्ट समितियों का विजिट कराया जाए, जिससे वे प्रेरणा लेकर बेहतर कार्य कर सकें।
बैंक के प्रबंध निदेशक रोहित सिंह ने सभी उपस्थित सदस्यगणों, विशेष आमंत्रित अतिथियों, संचालक सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों का स्वागत कर किया। उन्होंने वर्ष 2024-25 के अंकेक्षित संतुलन पत्र, लाभ-हानि खाते तथा बैंक द्वारा अर्जित विभिन्न उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। एजेण्डा अनुसार बीते वर्ष की कार्यवाही की पुष्टि, अंकेक्षित लेखे, आगामी बजट, अधिकतम उधार सीमा में छूट, अंश पूंजी वृद्धि तथा ग्राम सेवा सहकारी समितियों एवं बैंक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिये गये। सभा में बैंक शाखाओं को आधुनिक एवं आकर्षक बनाने, ग्राहकों के लिए यूपीआई एवं मोबाइल बैंकिंग सुविधा प्रारम्भ करने तथा घाटे में चल रही समितियों को व्यावसायिक विकास कार्ययोजना के तहत लाभ में लाने पर विशेष विचार किया गया। उन्होंने समिति अध्यक्षों को बैंक और सहकारी विभाग से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी बैंक राजेश कुमार, उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां शचीन्द्र चतुर्वेदी, विशेष लेखा परीक्षक सहकारी समितियां आर.एन. मीना, अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी सुश्री अंजली सिनसिनवार सहित अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।