नीमराना पुलिस को मिली बड़ी सफलता मधु किन्नर शूटर पवन गुर्जर गिरफ्तार
मुंडावर (देवराज मीना)
कोटपूतली-बहरोड़ ज़िले की पुलिस ने मधु किन्नर हत्याकांड का मास्टरमाइंड और शूटर पवन कुमार गूर्जर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। 10 सितंबर 2025 को समाजसेवी मधु किन्नर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही थी और विभिन्न टीमों का गठन किया गया। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने शूटर पवन कुमार गूर्जर को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार पर 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में सामने आया है कि पवन कुमार ने 10 लाख रुपये की सुपारी लेकर मधु किन्नर की हत्या की थी। आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में पहले ही कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अब मास्टरमाइंड शूटर की गिरफ्तारी से केस लगभग सुलझ चुका है।
गिरफ्तार पवन कुमार गूर्जर के खिलाफ पहले भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और अन्य शामिल लोगों का खुलासा हो सके। मधु किन्नर की हत्या से इलाके में गुस्सा और आक्रोश था, लेकिन अब शूटर की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।

