आतिशबाजी करते समय बम फटा भाई की उंगली हुई अलग, बहिन झुलसी
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
रैणी थाना क्षेत्र के धोराला गांव में गोवर्धन पूजन के दौरान 14 वर्षीय बालक के हाथ मे सूतली बम फटने से घायल हो गया वहीं पास में खड़ी उसकी बहन भी झुलस गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूजा के बीच एक 14 वर्षीय सौरभ के हाथ में सुतली बम फट गया, जिससे उसके दाहिने हाथ की एक उंगली अलग हो गई और ठोड़ी के नीचे भी गंभीर चोट आई। हादसे में पास खड़ी उसकी बड़ी बहन मंजू मीणा भी झुलस गई। घायलों को परिजन रैणी अस्पताल ले गए। जहां से चिकित्सको ने घायलों को प्राथमिक उपचार के अलवर रैफर कर दिया। परिजन संजय ने बताया कि शाम के समय वे गोवर्धन पूजन कर रहे थे। तभी सौरभ को सड़क पर एक बड़ा सूतली बम मिला। वह उसे अपनी बहिन मंजू के साथ छत पर ले गया और जलाने की कोशिश करने लगा। जैसे ही माचिस जलाई बम फट गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सौरभ की उंगली कटकर अलग हो गई और उसका चेहरा भी झुलस गया। बहन मंजू के हाथ और उंगलियां भी घायल हो गईं। विस्फोट की तेज आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जहां दोनों खून से लथपथ रोते हुए मिले। दोनों को तुरंत रैणी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। इस हादसे के बाद गांव गोवर्धन पूजन के दौरान सन्नाटा पसर गया।