भरतपुर, (कौशलेंद्र दत्तात्रेय)। साप्ताहिक बैठक में अब सभी अधिकारियों को विभागों को प्रति सप्ताह दिये लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी देने के साथ राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्यवयन के लिए किये गये प्रयासों की जानकारी भी देनी होगी। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सभी अधिकारियों को लक्ष्यों के अनुरूप कार्य कर आमजन को राहत देने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभाग आमजन को योजनाओं से लाभान्वित करते हुए समयबद्धता से कार्यों को पूरा करायें। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यक्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाये जाने पर संबन्धित कार्मिक की जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होंने सभी विभागों को राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों एवं समस्याओं को समय पर निस्तारण कर कार्यालयाध्यक्ष के स्तर पर जांच करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आमजन को विभागीय योजनाओं का लाभ ग्राम एवं ब्लॉक स्तर के कार्यालयों पर ही मिले जिससे उन्हें जिला स्तर पर कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पडे इसके लिए कार्मिकों को संवेदनशीलता से कार्य करने के लिए पाबंद करें। उन्होंने विभागीय स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की भी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता बनाये रखने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने विभागवार फ्लैग्शिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों को पूरा करने मे पिछडने वाले विभागों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि समय पर प्रगति नहीं करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन्होंने चिकित्सा विभाग द्वारा सभी मापदण्डों मंे पिछडने पर पर सम्बन्धित चिकित्सकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने आयुष्मान अवसंरचना, लाडो प्रोत्साहन योजना, स्वावलम्बन योजना, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना में लक्ष्यों में पिछडने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कर्मभूमि से मातृभूमि, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन योजना में ग्राम पंचायतवार जिम्मेदारी देते हुए लक्ष्य पूरे करने को कहा। उन्होंने जिले में जलभराव वाले स्थानों पर किसानों को फार्मपोंड निर्माण के लिए प्रेरित करने, उद्यानिकी विभाग को किसानों को सोलर सिस्टम अपनाकर फायदों के बारे में किसानों को जानकारी देने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने कहा कि पंच गौरव योजना में शामिल सभी विभाग प्रचार प्रसार के लिए कार्ययोजना बनाकर मूर्तरूप दें। उन्होंने जघीना एवं आसपास के अन्य क्षेत्रों में खेतों से जल निकासी के लिए किये जा रहे कार्यो की जानकारी लेकर जल संसाधन विभाग को नहर निर्माण के बारे में निर्देश दिये। उन्होंने जन जीवन मिशन के तहत जिन ग्राम पंचायतों में कार्य पूरा हो चुका है उनमें ग्राम स्तरीय समिति से संचालन करवाने तथा जलदाय विभाग को जल संबंध से शेष कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिये। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं बीडीए को सड़कों के पेच रिपयेर कार्य को समय पर पूरा कराते हुए गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुलसिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, प्रशिक्षु आईएएस भानू शर्मा, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, सहायक निदेशक लोक सेवाऐं भारती भारद्वाज सहित संबन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।