डीग में 12 नवंबर को आयोजित किया जाएगा जिला युवा महोत्सव, जिला कलेक्टर ने तैयारी को लेकर ली अधिकारियों की बैठक
डीग= (नीरज जैन) पंचायत समिति के सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल द्वारा आगामी "जिला युवा महोत्सव - 2025" और "विकसित भारत चैलेंज ट्रैक" के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला युवा महोत्सव - 2025 के आयोजन की तिथि 12 नवंबर, 2025 निर्धारित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न विधाओं में प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। युवा महोत्सव में लोक गायन एवं लोक नृत्य (एकल एवं सामूहिक),भाषण प्रतियोगिता,चित्रकला एवं हस्तकला प्रतियोगिता,
कहानी एवं कविता लेखन प्रतियोगिता,फोटोग्राफी, माढ़ना एवं अन्य सामूहिक प्रस्तुतियां आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जावेगी।
जिला कलेक्टर कौशल ने बैठक में निर्देश दिए कि 12 नवंबर को होने वाले इस आयोजन के लिए सभी शिक्षण संस्थान अपने स्तर पर छात्रों को सूचित करें। इच्छुक प्रतिभागी राजस्थान युवा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.youthboard.rajasthan.gov.in पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
जिला कलेक्टर कौशल ने "विकसित भारत चैलेंज ट्रैक" को युवाओं के लिए एक अभूतपूर्व पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह चैलेंज युवाओं को कृषि, कौशल विकास, शासन, और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने मौलिक विचार साझा करने के लिए आमंत्रित करता है। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य युवाओं के ज्ञान, रचनात्मकता और विचारों को नीति-निर्माताओं तक पहुंचाना है। 'विकसित भारत चैलेंज' के तहत "नशा मुक्त युवा," "जल संरक्षण," और "जलवायु-परिवर्तन में युवा" जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से इस चैलेंज में भी जिले के युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


