फल-सब्जी भंडारण के लिए सरकार देगी अनुदान
भरतपुर ( कौशलेंद्र दत्तात्रेय)। योगेश कुमार शर्मा संयुक्त निदेशक उद्यान विभाग भरतपुर संभाग ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा उद्यान विभाग के माध्यम से किसानों तथा उद्यमियों को कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, पैक हाउस फ्रूट राइपिंनिग चैम्बर इत्यादि की स्थापना करने पर विभिन्न योजनाओं में अनुदान दिया जा रहा है।
भरतपुर जिले में आलू का लगभग 1600 हेक्टेयर तथा धौलपुर जिले में आलू लगभग 7000 हेक्टेयर क्षेत्र में बोया जाता है। इसके अलावा भरतपुर संभाग में सब्जियों की खेती भी बहुतायत में की जाती है। कभी कभी सब्जियों तथा आलू की फसल तैयार होते समय बाजार भाव बहुत कम हो जाता है और किसानों को अपनी उपज का पूरा मूल्य नहीं मिल पाता है। अगर किसान भाई अपनी उपज का अच्छा और लाभकारी मूल्य प्राप्त करने के लिए दूरस्थ मंडियों में जाते हैं तो रास्ते में सब्जियों और फलों के खराब होने की संभावना बनी रहती है। इन सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा कोल्ड स्टोर, पैक हाउस, कोल्ड चेन इत्यादि सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अनुदान का प्रावधान किया गया है। इन सुविधाओं का लाभ लेते हुए किसान भाई तथा उद्यमी इन समस्याओं से निजात पा सकते हैं। भरतपुर तथा धौलपुर जिले में आलू के उत्पादन को ध्यान में रखते हुए यहां किसान या उद्यमी आलू भंडारण के लिए कोल्ड स्टोर स्थापित करना चाहें तो उनके लिए अपार संभावनाएं हैं। इससे किसानों को भी स्थानीय स्तर पर अपनी उपज के लिए भंडारण की सुविधा मिल सकेगी और उद्यमियों को भी आर्थिक स्थिति सुधारने का अवसर मिलेगा साथ ही स्थानीय मजदूरों को रोजगार भी मिलेगा।
-