दवाई समझकर जहरीले पदार्थ का सेवन, बुजुर्ग महिला की मौत; राजगढ़ थाना क्षेत्र के थोसड़ा गांव की घटना
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम थोसड़ा गांव में एक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतका मुथरी देवी ने गलती से खेत में डालने वाली जहरीली दवाई का सेवन कर लिया।
मृतका के देवर भगवान सिंह ने बताया कि 3 नवंबर को मुथरी देवी ने अनजाने में यह जहरीला पदार्थ पी लिया था। उन्हें लगा कि यह उनकी हार्ट की दवाई है, क्योंकि उनका हृदय संबंधी उपचार जयपुर से चल रहा था और वह कुछ दिन पहले ही वहां से दवाइयां लेकर आई थीं। दवाई समझकर जहरीला पदार्थ पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल मुथरी देवी को उपचार के लिए राजगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें गंभीर स्थिति में अलवर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार देर रात मुथरी देवी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर राजगढ़ थाना पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

