घूमर फेस्टिवल-2025 में 16 नवम्बर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन; सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान की लोक संस्कृति को सशक्त बनाने और नारी शक्ति को नई पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित घूमर फेस्टिवल-2025 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव के प्रतिभागियों का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को मास्टर आदित्येन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में प्रारंभ हुआ। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक संजय जौहरी ने बताया कि प्रशिक्षक (कोरियोग्राफर) द्वारा समूह एवं एकल प्रतिभागियों को घूमर नृत्य की विविध बारीकियां सिखाई जा रही हैं। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन सायं 3.00 से 5.00 बजे तक 17 नवम्बर तक चलेगा। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित घूमर ट्रैक सोमवार को लॉन्च किया गया है, जिस पर सभी प्रतिभागियों को अभ्यास करवाया जा रहा है। लगभग अठारह मिनट के इस विशेष ट्रैक पर सभी प्रतिभागी संयुक्त रूप से घूमर प्रस्तुत करेंगी।
विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में होगा भव्य आयोजन
राज्य सरकार की पहल पर पारंपरिक लोकनृत्य घूमर की लोकप्रियता युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से 19 नवम्बर को सभी संभाग मुख्यालयों पर एक साथ घूमर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। भरतपुर में यह आयोजन विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में सायं 5 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन स्थल पर फूड स्टॉल एवं सोविनियर शॉप भी स्थापित की जाएंगी, जिनका संचालन राजीविका एवं उद्योग विभाग द्वारा किया जाएगा।
16 नवम्बर तक ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि
महोत्सव के पंजीकरण प्रभारी एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक संजय जौहरी ने बताया कि इच्छुक महिला प्रतिभागी 16 नवम्बर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। राज्य सरकार द्वारा इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रतिभागी https://ghoomar.rajasthan.gov.in/Website/index.html उस पर जाकर पंजीकरण कर सकती हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

