बीकानेर से कोलकाता-गंगासागर हेतु विशेष रेलगाड़ी 2 दिसंबर को होगी रवाना
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 मे भरतपुर संभाग के 130 यात्री रेलवे स्टेशन से होंगे रवाना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 के अंतर्गत बीकानेर से कोलकाता-गंगासागर के लिए विशेष रेलगाड़ी दिनांक 2 दिसंबर 2025 को दोपहर 1 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह विशेष यात्रा बीकानेर, जयपुर और भरतपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रियों को पुण्यस्थल दर्शन का अवसर उपलब्ध कराएगी।
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी ने बताया कि ट्रेन में बीकानेर से 600, जयपुर जंक्शन से 240 तथा भरतपुर रेलवे स्टेशन से 130 यात्री शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 970 तीर्थ यात्री यात्रा पर प्रस्थान करेंगे। सभी चयनित यात्रियों को समय पर संबंधित रेलवे स्टेशनों पर पहुँचने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि आवश्यक प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।
भरतपुर के यात्रियों को दोपहर 3 बजे पहुंचना होगा
उन्होंने बताया कि सहायक आयुक्त, बीकानेर के अधीन बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिलों के यात्रियों को प्रातः 7 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पर रिपोर्ट करना होगा। सहायक आयुक्त जयपुर-प्रथम के अधीन जयपुर जिले के यात्रियों को दोपहर 1 बजे जयपुर जंक्शन पर तथा सहायक आयुक्त, भरतपुर के अधीन भरतपुर एवं डीग जिले के यात्रियों को दोपहर 3 बजे भरतपुर रेलवे स्टेशन पर रिपोर्ट करना निर्धारित किया गया है।
यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में तथा चिकित्सा सुविधा हेतु एक डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी नियुक्त रहेंगे, जो पूरे यात्रा काल में यात्रियों के स्वास्थ्य एवं देखभाल का जिम्मा संभालेंगे।
आवश्यक दवाईयां और दस्तावेज साथ लाएं
सहायक आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2025-26 के चयनित तीर्थ यात्रियों को दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, मूल आधार, जनाधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री, नियमित दवाइयाँ, कपड़े एवं आवश्यक नकदी भी साथ रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि देवस्थान विभाग द्वारा 7 दिन की पूरी यात्रा अवधि के दौरान यात्रियों के आवास, भोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। अतः यह संपूर्ण तीर्थ यात्रा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को यह अत्यंत सुविधाजनक एवं सुरक्षित अवसर उपलब्ध करवाना एक सराहनीय पहल है।

