जलग्रहण परियोजना क्षेत्र में जन जागृति के लिए आयोजित होगा वाटरशेड महोत्सव, भरतपुर एवं डीग जिले में 4 स्थानों पर आयोजित होगा महोत्सव
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 अन्तर्गत जलग्रहण परियोजना क्षेत्र में जन जागृति विकसित करने एवं जन समुदाय को सृजित परिसम्पत्तियों से जोडने के लिए पंचायत समितिवार वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया जायेगा।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता बजरंगसहाय मीना ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 अन्तर्गत जलग्रहण परियोजना क्षेत्र में जन जागृति विकसित करने एवं जन समुदाय को सृजित परिसम्पत्तियों से जोडने के उद्दश्यों से एक अभियान के रूप में ‘‘वाटरशेड महोत्सव’’ के तहत पंचायत समिति स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान परियोजना में स्वीकृत नवीन कार्यो का ‘‘भूमि पूजन’’ पूर्ण कार्यों का लोकापर्ण स्वैच्छिक श्रमदान के साथ-साथ पौधारोपण की गतिविधि की जानी है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त पूर्व जलग्रहण परियोजनाओं की जलग्रहण विकास कोष राशि का सदुपयोग करते हुये मिशन जलग्रहण पुनरूत्थान का शुभारम्भ किया जायेगा।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने बताया कि भरतपुर जिले में पंचायत समिति बयाना में 3 दिसम्बर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसोरा, भुसावर में 4 दिसम्बर को महात्मा गाँधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छौकरबाडा, रूपवास में 6 दिसम्बर को महात्मा गाँधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रूदावल में वाटरशेड महोत्सव आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि डीग जिले में बृजनगर पंचायत समिति में 5 दिसम्बर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रायपुर सुकैती में वाटरशेड महोत्सव आयोजित किया जायेगा।

