अलवर में राधा ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को सफलता, दो और आरोपी गिरफ्तार
अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के राधा ज्वेलर्स की कट्टे की नोक पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात में पुलिस पहले ही एक आरोपी को पकड़ चुकी थी, जिसके बाद लगातार जांच और साक्ष्य जुटाने में टीम लगी हुई थी। एडिशनल एसपी शरण कांबले ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम विक्रम उर्फ मोनू और मोहित उर्फ मौली हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और दोनों लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों को दबोचने में सफलता हासिल की
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है, जिसमें लूट की योजना, घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।