SIR 2026, भरतपुर जिले में परिगणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन शत् प्रतिशत पूर्ण
भरतपुर, (कैशलेन्द्र दत्तात्रेय) । जिले में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत सभी चार विधानसभा क्षेत्रों भरतपुर, नदबई, वैर एवं बयाना में परिगणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले ही 100 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि यह कार्य मंगलवार 2 दिसंबर को ही पूर्ण हो गया, जो जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की दक्षता एवं समयबद्धता का प्रमाण है।
वर्तमान में जिले में कुल 11,33,881 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से अभी तक 36,058 मतदाताओं (कुल 3.18 प्रतिशत) की डिजिटल मैपिंग शेष है। इन मतदाताओं के दस्तावेज एवं जानकारी एकत्र कर शीघ्र मैपिंग का कार्य बूथ लेवल ऑफिसर द्वारा युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक अपना परिगणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे अंतिम तिथि गुरुवार 11 दिसंबर 2025 तक तरीकों से अपना प्रपत्र अवश्य जमा करायें। मतदाता अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को सीधे दे सकते हैं या ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतनीकरण लोकतंत्र की मजबूती का मूल आधार है। सभी पात्र नागरिक इस कार्य में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराएं ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्णतः सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित हो सके।
---00---


