यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत गोविन्दगढ़ में स्कूली बच्चो ने की सड़क सुरक्षा की शपथ
गोविन्दगढ़ (अलवर) गोविदगढ़ में आज शुक्रवार को गोविन्दगढ़ ब्लॉक के तालडा, चिड्वाई, रामबास, गोविन्दगढ़, खेडलीबहादुर, फाहरी MGGS भयाड़ी सहित समस्त राजकीय विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय स्टाफ सहित विद्यार्थियों ने यातायात नियमों के अहम सबक सीखे और सुरक्षित जीवन की शपथ ली।
कार्यक्रम में तालडा राउमावि के प्रधानाचार्य महावीर शर्मा व त्रिलोक जांगिड ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। साथ ही बच्चो को बताया कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, सड़क पार करने के नियम, ट्रैफिक सिग्नलों की समझ और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
चिड्वाई राउमावि के प्रधानाचार्य करणसिंह ने विद्यालय स्टाफ एवं बच्चो को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, तेज गति से बचने और सड़क पर सावधानी बरतने का संकल्प दिलाया। शपथ में यह भी शामिल था कि वे सड़क पार करते समय हमेशा दाईं और बाईं ओर देखकर जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करेंगे और चलते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे, सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा जीवन से जुड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए बच्चों को शुरुआत से ही यातायात नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
रामबास के विद्यालय कार्यवाहक प्रधानाचार्य नवीन पाण्डेय व ACBEO अकबर खान ने बच्चो की शपथ दिलाते हुए बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति का पालन हर नागरिक का कर्तव्य है। एक छोटी सी लापरवाही एक क्षण में जीवन को खतरे में डाल सकती है। साथ ही मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में बताया और सड़क पर घायल व्यक्तियों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। उन्होंने सड़क संकेत, साइनबोर्ड तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने पर जोर देते हुए बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने एवं नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की।
उन्होंने रेलवे क्रॉसिंग और रेड लाइट बंद होने पर वाहन को एक लाइन में खड़ा करने तथा अनुशासित यातायात को शहर की पहचान बनाने का आह्वान किया। ने कहा कि सड़क के चार सबसे बड़े दुश्मन हैं नशा, नींद, रफ्तार और ओवरलोड। इनसे दूरी बनाकर ही दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार के लिए सभी लोगों का जीवन अमूल्य है। इसलिए घर से निकलते समय आदत डालें कि बाइक चलाते वक्त हेलमेट और कार चलाते वक्त सीट वेल्ट अनिवार्य समझें।


