गोविन्दगढ़ पुलिस ने दो ठगों को किया गिरफ्तार: परिचित बनकर ऑनलाइन ठगी करते थे, दो मोबाइल-सिम कार्ड बरामद
अलवर जिले के गोविन्दगढ़ में पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। साइबर संग्राम अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो लोगों को परिचित होने का झांसा देकर ठगी करते थे।
गोविन्दगढ़ थानाधिकारी धर्मसिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने आसूचना तंत्र और तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए गांव गंदीका में दबिश दी। यहां से साहिम (19) पुत्र मजलस खां और प्रदीप कुमार (29) पुत्र रमेश चंद को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी गंदीका, गोविन्दगढ़, अलवर के निवासी हैं।
आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों से परिचित होने का नाटक करते थे और फिर विशेष जरूरत का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल और दो सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।