93.73 प्रतिशत लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता, लाडो प्रोत्साहन योजना में खैरथल-तिजारा जिला राज्य में तीसरे स्थान पर
खैरथल (हीरालाल भूरानी) बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहन देने के लिए संचालित लाडो प्रोत्साहन योजना के भुगतान वितरण में खैरथल-तिजारा जिले ने पूरे राजस्थान में तीसरा स्थान हासिल किया है। जिले में वर्षभर में कुल 2088 जीवित बालिकाओं का जन्म हुआ, जिनमें से 1957 लाभार्थियों के खातों में भुगतान जारी किया जा चुका है। यह उपलब्धि 93.73 प्रतिशत भुगतान सफलता के साथ हासिल हुई है।
जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. अरविन्द गेट ने बताया कि इस योजना के तहत जीवित बालिका जन्म पर राज्य सरकार ने 1,50,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके तहत पहली किस्त 2,500 रुपए की सरकारी अस्पताल में प्रसव करवाने पर। दूसरी किस्त 2,500 की बच्ची के 9 माह पूर्ण होने पर एवं सभी अनिवार्य टीकाकरण लगने पर। आगे की 5 किस्तें शिक्षा विभाग ने स्कूल में प्रवेश (तीसरी किस्त), कक्षा 5वीं, 10वीं, 12वीं और स्नातक उत्तीर्ण करने पर दी जाती हैं। सभी भुगतान सीधे लाभार्थी की माता के बैंक खाते में भेजे जाते है। डॉक्टर गेट ने बताया कि लोकहित में शुरू की गई यह योजना बालिका शिक्षा और जन्म प्रोत्साहन दोनों उद्देश्यों को पूरा कर रही है। जिले में तेजी से भुगतान निपटाने के लिए मेडिकल विभाग और शिक्षा विभाग का समन्वय महत्वपूर्ण रहा।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रसूता महिला को सरकारी अस्पताल में प्रसव करवाना आवश्यक है। आवेदन हेतु जन आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और आधार कार्ड अनिवार्य दस्तावेज हैं। बालिका जन्म को प्रोत्साहन देने की दिशा में जिले की यह उपलब्धि उल्लेखनीय मानी जा रही है।