सड़क सुरक्षा हमारी सामुहिक जिम्मेदारी - संभागीय आयुक्त
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा शनिवार को सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता रथ एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता रथ एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर सड़क सुरक्षा अभियान का शुभारम्भ किया। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने तथा दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, डीटीओ इंदु मीना, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, एसीईओ रेखा रानी, उपखंड अधिकारी भरतपुर भारती गुप्ता भी मौजूद रहे।
जागरूकता रैली कलक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर बिजली घर चौराहा, आरबीएम हष्स्पिटल, रेड क्रॉस सर्किल, कुम्हेर गेट, हीरादास बस स्टैंड होते हुए काली बगीची से भगत सिंह तिराहा से ट्रैफिक चौराहा पर पहुॅचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां एवं बैनर लेकर आमजन को नियमों के पालन का संदेश दिया।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिकांष सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सी सावधानी और अनुशासन से रोका जा सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।
जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। प्रशासन द्वारा निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो सके।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग अभय मुद्गल , गिरधारी तिवारी, गिरधारी गुप्ता, यातायात पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।