रबी फसलों का 31 तक होगा बीमा, गेहूं का 1463 रु. प्रति हेक्टेयर प्रीमियम
खैरथल (हीरालाल भूरानी) प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी सीजन 2025-26 के लिए खैरथल-तिजारा जिले में फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तय की गई है। संयुक्त कृषि निदेशक विजय सिंह ने बताया कि किसान निर्धारित प्रीमियम जमा कर समय पर फसल बीमा करा सकते हैं, जिससे मौसम आधारित किसी भी नुकसान की स्थिति में राहत मिल सकेगी।
गेहूं का प्रीमियम 1463 रुपए, सरसों का 1726 रुपए: जिले में रबी के दौरान गेहूं व सरसों बड़ी फसल होने से इसका बीमा मूल्य भी अधिक तय होता है। इसके बाद सरसों का नुकसान जोखिम भी अधिक माना जाता है। इसलिए दोनों फसलों पर प्रीमियम भी अधिक रहता है।
- गेहूं: 1463 रु. प्रति हेक्टेयर
- जौ 1075 रु. प्रति हेक्टेयर
- चना 1248 रु. प्रति हेक्टेयर
- सरसों : 1726 रु. प्रति हेक्टेयर
इस संबंध में कृषि विस्तार खैरथल के संयुक्त निदेशक विजय सिंह ने बताया कि किसान अपनी नजदीकी ई-मित्र, बैंक या अधिकृत माध्यम से प्रीमियम जमा कर फसल बीमा करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीमा सभी किसानों के लिए सुरक्षा कवच है, इसलिए किसान अंतिम तिथि का इंतजार न करें।


