कृषि विज्ञान केंद्र नौगांवा में किसान दिवस का हुआ आयोजन
रामगढ़ (अलवर /राधेश्याम गेरा ) ड्रोन प्रदर्शन और प्राकृतिक खेती ने किसानों को किया उत्साहित 23 दिसंबर 2025 को किसान दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) नौगांवा में एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र नौगांवा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र यादव ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि अनुसंधान केंद्र, नौगांवा के डॉ. गोपाल लाल चौधरी रहे। इस अवसर पर कृषि शस्य विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. हंसराम माली तथा कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. पूनम की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 200 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत किसान दिवस के महत्व पर चर्चा के साथ हुई। कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी उन्नति के लिए आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य सुधार, जैविक एवं प्राकृतिक आदानों के उपयोग तथा उत्पादन लागत कम करने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. गोपाल लाल चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने “विकसित भारत जी राम जी” कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल गांवों के समग्र विकास और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र नौगांवा द्वारा गेहूं की फसल में ड्रोन के माध्यम से छिड़काव का जीवंत प्रदर्शन किया गया। ड्रोन तकनीक से कम समय में सटीक एवं समान छिड़काव को देखकर किसान अत्यंत प्रसन्न नजर आए। किसानों ने बताया कि ड्रोन से छिड़काव करने पर श्रम, समय और लागत की बचत होती है। किसानों की ड्रोन तकनीक को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया रही और उन्होंने इसे भविष्य की खेती के लिए उपयोगी बताया। कृषि शस्य वैज्ञानिक डॉ. हंसराम माली ने प्राकृतिक खेती, फसल चक्र एवं उन्नत फसल प्रबंधन पर जानकारी दी, जबकि डॉ. पूनम ने नवीन तकनीकों के प्रसार और किसान समूहों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में किसानों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया। किसानों ने कार्यक्रम, ड्रोन प्रदर्शन और “ विकसित भारत जी राम जी ” जैसी केन्द्र सरकार की पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। तथा केंद्र पर प्रगतिशील कृषकों का सम्मान कर कृषि विज्ञान केन्द्र नौगांवा की ओर से सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया अंत में सभी अतिथियों ने किसानों को किसान दिवस की शुभकामनाएं दीं।