गुरुद्वारे में बुजुर्गों के चरणों में बैठकर मंत्री ने सुनीं बातें, बोले- "गुरुओं का बलिदान और त्याग ही मेरी प्रेरणा-पुंज"
"हुक्मनामा और राजदंड से बड़ा है सेवा का धर्म" जवाहर सिंह बेढम
सीकरी के जलालपुर में दिखा मंत्री बेढ़म का 'सेवक' अवतार, कड़ाही में प्रसादा तैयार कर जीता संगत का दिल
डीग (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) सार्वजनिक जीवन में पद की ऊंचाइयां अक्सर व्यक्ति को जमीन से दूर कर देती हैं, लेकिन जब जन-प्रतिनिधि के भीतर 'संस्कार' और 'सेवा' का भाव उमड़ता है, तो सीकरी के जलालपुर स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा टिब्बा साहिब जैसे दृश्य नजर आते हैं। मंगलवार का दिन डीग बृजनगर विधानसभा के इतिहास में एक भावनात्मक अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, जब प्रदेश के गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने राजकीय औपचारिकताओं और प्रोटोकॉल के बंधनों को छोड़ कर एक सच्चे श्रद्धालु और सेवक की भूमिका निभाई।
- जब मंत्री ने थामी कड़छी: 'तेरा भाणा मीठा लागे'
गुरुद्वारा परिसर में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम दर्शन के उपरांत सीधे लंगर हॉल की ओर बढ़े। यहाँ एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावविभोर कर दिया। मंत्री बेढम ने आम आदमी की तरह लंगर सेवा में हाथ बंटाते हुए बड़ी कड़ाही में स्वयं प्रसादा (लंगर) पकाना शुरू कर दिया।
कड़ाहे से उठती भाप के बीच खड़े होकर, पूरी तन्मयता और श्रद्धा के साथ सेवा करते हुए, उन्होंने यह संदेश दिया कि गुरु के दरबार में कोई विशिष्ट नहीं होता, यहाँ सब बराबर हैं। इस दौरान उनकी आँखों में गुरुओं के प्रति अगाध श्रद्धा का भाव स्पष्ट देखा जा सकता था।
- "बुजुर्गों का आशीर्वाद ही मेरी असली पूंजी"
लंगर सेवा के बाद, गृह राज्य मंत्री जमीन पर दरी बिछाकर बैठी संगत के बीच जा बैठे। उन्होंने वहां मौजूद सिख समाज के बुजुर्गों और प्रबुद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद किया। ठंड के बीच, समाज के वरिष्ठजनों के साथ जमीन पर बैठकर उन्होंने न केवल उनकी बातें सुनीं बल्कि यह अहसास दिलाया कि वे भी उनके परिवार का ही एक सदस्य हैं।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि आज यहाँ कड़छी चलाकर मुझे जो सुकून मिला है, वह भौतिक सुख-सुविधाओं में नहीं मिल सकता। गुरु नानक देव जी और गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन हमें यही सिखाता है कि 'नर सेवा ही नारायण सेवा' है।
- सिरोपा भेंट कर किया गया सम्मान
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी और सिख समाज के वरिष्ठ जनों ने गृह राज्य मंत्री बेढम को सिरोपा और गुरुओं का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। समाज के लोगों ने कहा कि सीकरी में ऐसा पहली बार देखा गया है जब कोई मंत्री इतने सरल भाव से संगत में शामिल हुआ हो।
- विकसित राजस्थान का संकल्प
गृह राज्य मंत्री बेढम ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जिस 'विकसित और समरस राजस्थान' का सपना देख रहे हैं, उसकी शक्ति हमें इन्हीं धार्मिक स्थानों से मिलती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में भाईचारे की इस डोर को कभी कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारी, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण मौजूद थे।