साइबर संग्राम: शादी और नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
गोविन्दगढ़, (अलवर) अगर आप भी सोशल मीडिया पर 'घर बैठे नौकरी' या 'बिना दहेज शादी' के विज्ञापन देखकर खुश हो रहे हैं। तो सावधान हो जाइए, अलवर की गोविंदगढ़ पुलिस ने एक ऐसे ही बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है जो खुशियों के नाम पर आपकी जेब साफ कर रहा था।
गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को शादी कराने और घर बैठे पेंसिल पैकिंग की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी कर रहे थे। पुलिस ने यह कार्रवाई राज्य स्तर पर चलाए जा रहे 'साइबर संग्राम अभियान' के तहत की है।
थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी वासीद खान (19) पुत्र फकरुदीन निवासी गौर पहाड़ी (लक्ष्मणगढ़) और असलम (25) पुत्र उमरदीन निवासी बझेड़ी (गोविंदगढ़) हैं। आरोपियों के खिलाफ ठगी की कई शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद तकनीकी सर्विलांस की मदद से इन्हें दबोचा गया।
ऐसे फंसाते थे जाल में:-
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फेसबुक और व्हाट्सएप पर आकर्षक विज्ञापन डालते थे। बेरोजगारों को पेंसिल पैकिंग के काम के नाम पर 999 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस मांगते थे। वहीं, शादी के इच्छुक लोगों को दुल्हन की फोटो दिखाकर उन्हें झांसे में लेते थे और फिर शॉपिंग, कोर्ट मैरिज व अन्य खर्चों के नाम पर ऑनलाइन पैसे डलवा लेते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपी अपना मोबाइल बंद कर देते थे। फिलहाल पुलिस इनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।