लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका ने जालूकी रोड पर की बड़ी कार्रवाई: बुलडोजर से हटाए गए सड़क किनारे के अतिक्रमण, अभियान जारी
लक्ष्मणगढ़ कस्बे में नगरपालिका ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जालूकी रोड पर सड़क किनारे किए गए कब्जों को हटाया। इस दौरान एक साथ पांच जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। कुछ स्थानों पर दुकानदारों की ओर से हल्का विरोध भी देखने को मिला, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे मौका मजिस्ट्रेट तहसीलदार हरदयाल सिंह की उपस्थिति और नगरपालिका ईओ जगदीश खींचड़ के निर्देशन में अभियान शुरू हुआ। पालिका कार्यालय से अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जाप्ता और जेसीबी मशीनें भगत सिंह चौराहे से जालूकी रोड की ओर रवाना हुईं। सड़क किनारे दुकानों के बाहर बनी चौका पट्टियां, टीनशेड और कच्चे-पक्के निर्माण को हटाया गया। पांच जेसीबी एक साथ चलने से कई दुकानदारों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
इसके अलावा बदलू की लाव क्षेत्र में लगे अस्थायी खोखों और दुकानों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान लोगों की भीड़ जमा होने से कई बार यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने संभाला। नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।