संघ शताब्दी महोत्सव : बरलुट मंडल की ओर से विशाल हिंदू सम्मेलन के प्रचार हेतु ऐतिहासिक वाहन रैली
सिरोही (रमेश सुथार) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी महोत्सव के उपलक्ष्य में बरलुट मंडल द्वारा आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन के प्रचार-प्रसार हेतु शुक्रवार को एक भव्य एवं ऐतिहासिक वाहन रैली का आयोजन किया गया।
यह वाहन रैली बरलुट गांव से प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं गांवों से गुजरते हुए मंडवारिया, भूतगांव, मनोरा, सतापुरा वराडा होते हुए वराडा हनुमानजी मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में सैकड़ों की संख्या में दोपहिया एवं चारपहिया वाहन शामिल हुए, जिन पर भगवा पताकाएं लहराती रहीं।
डीजे की जोशीली धुनों के बीच कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ सनातन संस्कृति, हिंदुत्व और संघ शताब्दी महोत्सव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। रैली के दौरान वातावरण जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
रैली प्रत्येक गांव के मुख्य चौराहे पर रुक-रुक कर आयोजित की गई, जहां उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को 18 जनवरी को वराडा हनुमान जी परिसर में आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने का सादर न्योता दिया। रैली के समापन अवसर पर वराडा हनुमान जी मंदिर परिसर में सभी कार्यकर्ताओं द्वारा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया।
इस अवसर पर शंकर लाल प्रजापत ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता को सशक्त करने का महाअवसर है। उन्होंने सभी गांवों के समाजबंधुओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार एवं समाज के साथ अधिक से अधिक संख्या में हिंदू सम्मेलन में उपस्थित होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।
आयोजकों ने जानकारी दी कि विशाल हिंदू सम्मेलन में साधु-संतों के ओजस्वी प्रवचन, सनातन संस्कृति के आदर्शों पर विचार, तथा बालकों द्वारा हिंदू जागरण की प्रेरणादायी प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। यह संपूर्ण आयोजन बरलुट मंडल की ओर से संघ शताब्दी महोत्सव के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य हिंदुत्व का प्रचार-प्रसार, सामाजिक समरसता तथा हिंदू समाज को संगठित करना है। कार्यक्रम संबंधी यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक द्वारा दी गई। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 18 जनवरी को वराड़ा हनुमान जी में आयोजित इस विशाल हिंदू सम्मेलन में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाएं।