चोरियों के साथ बढ़ रहा है नशीले पदार्थों का व्यापार लेकिन नहीं हो पा रहे अपराधी गिरफ्तार
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) रैणी कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं, नशे के बढ़ते कारोबार एवं अन्य अपराधों को लेकर आमजन में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी के चलते गुरुवार को कस्बेवासियों एवं सामाजिक, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी रैणी एवं थानाधिकारी रैणी को ज्ञापन सौंपकर कठोर ठोस कार्यवाही करने की मांग की।
ज्ञापन में रैणी कस्बे में फल-फूल रहे नशे के अवैध व्यापार पर तुरंत रोक लगाने के साथ लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने तथा अब तक हुई वारदातों में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की गई। लोगों का कहना है कि चोरी व अपराध की बढ़ती घटनाओं से आमजन में भय का माहौल बना हुआ है और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कस्बेवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो मजबूरन कस्बे को बंद रखकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की भी मांग की।

