भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर 21 जनवरी को एमएसजे कॉलेज मैदान में आयोजित किया जा रहा युवा संबल मेला बनेगा युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा। पॉच हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न कम्पनियों में जॉब के अवसर मिलेंगे, अब तक ऑनलाईन 22 सौ से अधिक युवा क्यूआर कोड से करा चुके हैं पंजीयन।
अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा एवं शहर राहुल सैनी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में सभी विभागों को जिम्मेदारियां तय करते हुये तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन ने सभी विभागों को युवा संबल मेले की तैयारियों को पूरी करते हुये युवाओं को अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिये प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी युवाओं को रोजगार के सपने साकार हों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले।
अतिरिक्त कलक्टर शहर ने कहा कि सभी पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई व इंजीनियरिंग कॉलेज विद्यार्थियों का पंजीयन कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थाओं में युवाओं को भाग लेने के लिये प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मेले में प्रदेश के साथ देशभर के नियोक्ता आ रहे हैं जो स्किल्ड, सैमी स्किल्ड व अनस्किल्ड पदों के लिये चयन करेंगे। उन्होंने बताया कि भरतपुर के युवाओं के लिये यह सुनहरा अवसर है, इसमें प्रत्येक युवा को पंजीयन कराने पर पॉच साक्षात्कार कूपन दिये जायेंगे जिनमें अपनी पसंद के जॉब के लिये पॉच कम्पनियों में एक युवा को अवसर मिलेंगे।
उप निदेशक, जिला रोजगार कार्यालय भरतपुर रघुवीर सिंह ने बताया कि 21 जनवरी बुधवार को प्रातः 10 से सायं 5 बजे तक भरतपुर जिला मुख्यालय पर महारानी श्री जया महाविद्यालय के खेल मैदान में युवा संबल मेले का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मेले में भरतपुर, नीमराणा, भिवाड़ी, कोटा, टपूकड़ा, खुशखेड़ा, शाहजहाँपुर, अलवर, गुरुग्राम एवं नोएडा सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से लगभग 40 कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनके द्वारा लगभग 80 प्रकार के पदों के लिए लगभग 5 हजार रिक्तियों पर पात्र बेरोजगार आशार्थियों का चयन कर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले बेरोजगार आशार्थियों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के मध्य समन्वय स्थापित कर जिला प्रशासन, भरतपुर एवं रोजगार कार्यालय, भरतपुर द्वारा पात्रता के आधार पर अधिकतम युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक बेरोजगार आशार्थी ऑनलाइन पंजीयन हेतु https://hostwebs.site/q6r1xH लिंक पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जिला कलक्टर सोशल मीडिया अकाउन्ट, कलेक्ट्रेट परिसर, मुख्य चौराहों, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन, आरबीएम अस्पताल, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर क्यूआर कोड स्कैनर लगाये गये जिनके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन पंजीयन करवा सकता है। उन्होंने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में “युवा संबल” मेले में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।