शहीद हेमू कालानी स्मारक को अतिक्रमण से घेरा, अवैध पार्किंग व बसों का स्टॉपेज बनाया
खैरथल (हीरालाल भूरानी) किशनगढ़ बास रोड स्थित शहीद हेमू कालानी चौराहे पर लाखों रुपए की लागत से बना स्मारक आज प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक यह स्मारक इन दिनों अवैध पार्किंग, ठेले-खोमचों की भरमार और बस-टैक्सी स्टॉपेज के कारण अव्यवस्था का केंद्र बन गया है। चौराहे के आसपास के व्यापारी अवैध पार्किंग, बैटरी रिक्शा, बसों और टैक्सियों के अनियमित ठहराव से खासे परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के ठीक सामने का रास्ता हमेशा बाधित रहता है, जिससे ग्राहकों को पहुंचने में दिक्कत होती है और व्यापार पर भी सीधा असर पड़ रहा है। वही शहरवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से चौराहे को पूरी तरह नो-पार्किंग और नो-स्टॉपेज जोन घोषित किए जाने की मांग की है। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा बसों और टैक्सियों के लिए अलग स्टैंड तय कर अतिक्रमण हटाकर स्मारक की गरिमा बहाल की भी मांग की है।
स्मारकों के पास दिनभर गलत पार्किंग, शाम को ठेले-खोमचे इन स्मारकों के ठीक सामने दिनभर वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं। शाम होते ही सड़क किनारे ठेले-खोमचों की कतार लग जाती है। हालात तब और बिगड़ जाते हैं जब बाहरी रूट की बसें और टैक्सियां इन स्मारकों के पास ही सवारियां उतारने-चढ़ाने लगती हैं। इससे चौक पर बार-बार जाम की स्थिति बन रही है। वहीं स्मारकों के पास
गंदगी का आलम भी बना रहता है।
बसों के बीच श्रद्धालुओं को दर्शन में परेशानी : सड़क पर रुकने से यातायात ठप हो जाता है। स्मारक दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु कई बार जाम में फंसकर बिना दर्शन किए लौटने को मजबूर हो जाते हैं। शहीद हेमू कालानी के जन्मोत्सव (23 मार्च), बलिदान दिवस (21 जनवरी), स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे आयोजनों के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
हीरालाल भूरानी वरिष्ठ प्रवक्ता पूज्य सिंधी पंचायत खैरथल का कहना है कि हेमू कालानी स्मारक शहर की पहचान है, लेकिन अवैध पार्किंग और बस स्टॉपेज ने इसे भीड़भाड़ का केंद्र बना दिया है। प्रशासन को स्मारक के आसपास बने अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाना चाहिए, ताकि स्मारक की गरिमा प्रभावित न होकर बनी रहे।
शिवानी शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष, भगवा हिंद फौज स्मारक का कहना है कि मातोर रोड पर अग्रसेन सर्किल के पास बसों और ठेलों के कारण रोज जाम लगता है। इससे यातायात व्यवस्था तो प्रभावित होती ही है साथ ही गंदगी का आलम बना रहता है इससे स्मारकों की गरिमा को आघात पहुंचता है प्रशासन को स्मारकों के आसपास का अतिक्रमण हटाना चाहिए।
मोतीलाल वर्मा, जेईएन, नगर परिषद खैरथल का कहना है कि- क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने, अवैध पार्किंग रोकने और बसों की अनियमित स्टॉपिंग बंद करवाने के निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि स्थल की गरिमा बनी रहे।