सचिवालय टीम पहुंची थानागाजी पंचायत समिति, अधिकारी-कर्मचारी नदारद: कार्यालयों पर मिले ताले
थानागाजी (अलवर/ गोपेश शर्मा) सचिवालय की एक निरीक्षण टीम ने अलवर के थानागाजी पंचायत समिति परिसर का दौरा किया। इस दौरान कई कार्यालयों पर ताले लटके मिले और अधिकारी-कर्मचारी अपनी सीटों से नदारद पाए गए।
डिप्टी सेक्रेटरी सुनील शर्मा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने यह कार्रवाई की। अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया है।
सुनील शर्मा ने बताया कि जब टीम ने पंचायत समिति के अधिकारियों को अपना परिचय दिया, तो किसी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और न ही अपने कर्तव्यों का पालन किया।
निरीक्षण टीम को ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि पंचायत समिति के कर्मचारी पूर्णतः भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और जनता के कार्यों को गंभीरता से नहीं लेते, जिससे आम लोगों के काम नहीं हो पा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में भी कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इन पर भी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। टीम के पहुंचने से लेकर निरीक्षण पूरा होने तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं था।