लोकतंत्र की जीत: ग्राम घसौला के ग्रामीणों ने वापस लिया चुनाव बहिष्कार का फैसला, पंचायतीराज चुनाव में करेंगे मतदान

Oct 15, 2026 - 19:08
 0
लोकतंत्र की जीत: ग्राम घसौला के ग्रामीणों ने वापस लिया चुनाव बहिष्कार का फैसला, पंचायतीराज चुनाव में करेंगे मतदान

भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय 

आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत भरतपुर जिले की पंचायत समिति सेवर क्षेत्र से एक बेहद सकारात्मक और लोकतंत्र को मजबूत करने वाली खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत नगला बरताई के राजस्व ग्राम घसौला के ग्रामीणों ने परिसीमन के विरोध में पूर्व में लिए गए चुनाव बहिष्कार के निर्णय को वापस लेते हुए आगामी चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ मतदान करने का सामूहिक फैसला किया है।

प्रशासनिक समझाइश और संवाद का दिखा असर

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत परिसीमन को लेकर असंतोष व्यक्त करते हुए ग्राम घसौला के ग्रामीणों ने पूर्व में चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया था। इस संबंध में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भरतपुर की उपखंड अधिकारी (SDM) एवं रिटर्निंग अधिकारी भारती गुप्ता से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखी थीं।

उस दौरान उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने ग्रामीणों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व, नागरिक कर्तव्यों और मताधिकार की ताकत के बारे में आत्मीयता से समझाया था तथा बहिष्कार का रास्ता छोड़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया था।

ज्ञापन सौंपकर वापस लिया बहिष्कार का फैसला

उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को ग्राम घसौला का प्रतिनिधिमंडल पुनः उनसे मिला और एक ज्ञापन सौंपा। विस्तृत चर्चा और संवाद के उपरांत ग्रामीणों ने सहर्ष चुनाव बहिष्कार का फैसला वापस लेते हुए मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने का निर्णय लिया।

SDM ने बताया लोकतंत्र के लिए सकारात्मक पहल

ग्रामीणों के इस विवेकपूर्ण निर्णय की सराहना करते हुए SDM भारती गुप्ता ने इसे लोकतंत्र के प्रति एक अत्यंत सकारात्मक और मिसाली कदम बताया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण अधिकार और संवैधानिक कर्तव्य है। मतदान के माध्यम से ही नागरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं। घसौला के ग्रामीणों द्वारा लिया गया यह फैसला अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायी साबित होगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................