जहाजपुर: नागदी बांध मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, 21 यात्री गंभीर रूप से घायल
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब): नेशनल हाईवे-148डी पर नागदी बांध मोड़ के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ब्यावरा (मध्य प्रदेश) से जोधपुर जा रही एक स्लीपर कोच बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार 21 यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना रात करीब 2 बजे के आसपास हुई।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने दिखाई तत्परता हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष अल्केश वैष्णव के पति पवन वैष्णव और भाजपा पार्षद प्रवीण खटीक भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जहाजपुर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई यात्री हुए घायल इस सड़क दुर्घटना में राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से यात्रा कर रहे लोग घायल हुए हैं। घायलों में झालावाड़, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, करौली, ब्यावर और कोटा के अलावा मध्य प्रदेश के राजगढ़ और गुना जिले के कई यात्री शामिल हैं। प्रशासन द्वारा घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है, साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
नागदी बांध का मोड़ बना हादसों का केंद्र
राष्ट्रीय राजमार्ग-148D पर नागदी बांध के पास स्थित तीखा मोड़ वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त कराने के लिए वे कई बार आंदोलन और प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने प्रशासन से मोड़ को सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

