भरतपुर :एसटीपी पर छात्रों ने किया शैक्षणिक भ्रमण; सीवरेज प्रणाली और दूषित जल-मल निष्पादन की वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझा
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
राजस्थान शहरी आधारभूत ढाँचा विकास परियोजना (RUIDP) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई द्वारा विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के उद्देश्य से एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। RUIDP के अधिशाषी अभियंता राजुल कुमार के मार्गदर्शन में चलाए गए विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम के तहत बृज विकास सैकण्डरी विद्यालय (रुंधिया नगर) के 35 विद्यार्थियों के दल ने नगला गोपाल स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का शैक्षणिक भ्रमण किया।
वैज्ञानिक प्रक्रिया और 'स्काडा' तकनीक को जाना
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को एसटीपी की कार्यप्रणाली, इसके विभिन्न घटकों तथा एसबीआर (SBR) तकनीक के माध्यम से दूषित जल-मल के वैज्ञानिक निस्तारण की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। सोशल एक्सपर्ट मनीष कटारा ने छात्रों को सीवरेज प्रणाली की आवश्यकता, शहरवासियों के लिए इसकी उपयोगिता और उपचारित जल को पुनः सिंचाई के योग्य बनाने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही, संबंधित तकनीकी कार्मिकों के सहयोग से छात्रों को एसटीपी की कंप्यूटराइज्ड मॉनिटरिंग प्रणाली 'स्काडा' (SCADA) तकनीक का लाइव डेमो दिखाया गया। सोशल एक्सपर्ट ने RUIDP की परियोजनाओं के बारे में बताते हुए सीवरेज तंत्र को सुचारू रखने में नागरिकों के कर्तव्यों पर भी संवाद किया।
विद्यालय परिवार ने सराहा प्रयास
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र सिनसिनवार और उपप्राचार्य नत्थीलाल पाठक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक भ्रमण से छात्रों को किताबी ज्ञान से परे जाकर पर्यावरण संरक्षण और नागरिक दायित्वों को समझने का बेहतर अवसर मिलता है। इस अवसर पर एएसडी सुरेंद्रपाल, अशोक कुंतल सहित विद्यालय का स्टाफ और RUIDP टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

