उदयपुरवाटी: ‘चलो बुलावा आया है...’, 19 अक्टूबर को निकलेगी शाकंभरी सकराय धाम की विशाल निशान पदयात्रा
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव): शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महाअष्टमी के पवित्र दिन उदयपुरवाटी से मां शाकंभरी के दरबार तक एक भव्य एवं विशाल निशान पैदल ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 19 अक्टूबर को कस्बे के पाँच बत्ती के पास खेल मैदान के नजदीक स्थित श्री गणेश मंदिर से श्री शाकंभरी कुटुंब सकराय धाम के तत्वावधान में आरंभ होगी।
जोर-शोर से चल रही तैयारियां, उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब शाकंभरी कुटुंब परिवार के मूलचंद सैनी, रमाकांत मित्तल, प्रकाश सैनी (कुआं अडवाणिया) और कुलदीप कटारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वार्षिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। 19 अक्टूबर को आयोजित होने वाली इस विशाल पैदल ध्वज यात्रा में हजारों की तादाद में श्रद्धालु हाथों में रंग-बिरंगे निशान लिए माता के जयकारों के साथ नाचते-गाते हुए माता के दरबार में पहुंचेंगे।
आयोजक समिति के मूलचंद सैनी, सुनील सैनी (लाइब्रेरी) और विनय सैनी के अनुसार, यात्रा को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया है।

