कुशीनगर: मंत्री संजय निषाद के स्वागत में जुटे समर्थकों पर काल बनकर झपटा ट्रक, पुष्प वर्षा के लिए खड़ा बुलडोजर पलटा, कई घायल
कुशीनगर (तमकुहीराज/ शशि जायसवाल): उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज इलाके में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के स्वागत समारोह के दौरान नेशनल हाईवे पर खड़ा एक बुलडोजर ट्रक की चपेट में आने से पलट गया। इस दुर्घटना में मौके पर मौजूद कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।स्वागत का उत्साह बढ़ा गया मुश्किलें
मिली जानकारी के अनुसार, निषाद पार्टी के सुप्रीमो डॉ. संजय निषाद अपनी 'संवैधानिक पद यात्रा' लेकर तमकुहीराज क्षेत्र से गुजर रहे थे। अपने नेता के अभिनंदन के लिए उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे स्थित फरहान हॉस्पिटल के पास फूलों की बारिश करने के लिए एक बुलडोजर खड़ा कर रखा था। तभी हाईवे पर आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़े बुलडोजर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बुलडोजर पलट गया।
चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर भगदड़ मच गई। बुलडोजर की चपेट में आने से कई लोग चोटिल हो गए, जिनमें से एक कार्यकर्ता की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सक्रियता दिखाते हुए सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की खबर मिलते ही तमकुहीराज थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। गनीमत यह रही कि टक्कर के वक्त बुलडोजर के पास भारी भीड़ नहीं थी, वरना जान-माल का नुकसान और भी अधिक हो सकता था।

