इंसानियत की हदें कर दी पार; बेजुबान नंदी पर कुल्हाड़ी से किया वार
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान स्थित मानसिंह वाले कुएं की समीप से शनिवार की सुबह पशु क्रूरता की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। निर्दयता की सारी हदें पार करते हुए अज्ञात व्यक्ति ने एक बेज़ुबान नन्दी के कमर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया और हैवानियत यहीं नहीं रुकी, कुल्हाड़ी को उसी के शरीर में फंसा हुआ छोड़ दिया गया। नन्दी दर्द से तड़पता रहा। सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस और भौरँगी धाम गौशाला की टीम घटनास्थल पर पहुंची। गौशाला टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल नन्दी को रेस्क्यू किया। कुछ देर बाद पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची, जिन्होंने नन्दी के शरीर में धंसी कुल्हाड़ी को बाहर निकाला और मौके पर ही उपचार शुरू किया।
नन्दी की हालत नाजुक बनी हुई है, लेकिन समय पर मिले उपचार से उसकी जान बच पाई। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गहरा आघात है। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में गत शुक्रवार को भी पशु क्रूरता की एक और घटना सामने आई थी, जब तस्करों ने चलती पिकअप से गौवंशों को सड़क पर फेंक दिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासन और समाज—दोनों के लिए गंभीर चेतावनी हैं। गौसेवक अजय महाराज ने बताया कि पिनान गौरक्षा दल से सूचना मिली की एक नन्दी है। जिसके टांच्या लगा हुआ है। सूचना पर मौके पर भौरँगी धाम गौशाला की टीम के साथ पहुंचे। मौके पर राजगढ़ पुलिस व ग्रामीणों की भीड़ मिली। वही रैणी पशु चिकित्सालय से चिकित्सको की टीम भी मौके पर आई। जहां सावधानी पूर्वक कुल्हाड़ी निकालकर ईलाज किया गया एवं कुल्हाड़ी को पुलिस ने जप्त कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।