अलवर में प्लॉट विवाद ने लिया हिंसक रूप करीब एक दर्जन घायल; जिला अस्पताल में उपचार जारी
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के देव खेड़ा क्षेत्र में शनिवार को प्लॉट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना अरावली विहार थाना क्षेत्र की है, जहां दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस झड़प में एक दर्जन लोग घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अलवर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित हारुन खान ने बताया कि देव खेड़ा स्थित उनका प्लॉट है। आरोप है कि मुगसका निवासी मूवीन, सुबीन, मुबारक, समसू, शमशेर, साहिल, पपा, कासिम सहित अन्य लोग लाठी-डंडे और सरिया लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने जबरन प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
इस हिंसक झड़प में संवेदन मौजा निवासी शहजादा, गुलबुद्दीन सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

