अलवर शहर में मेघवाल समिति ने किया प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में मेघवाल समिति द्वारा स्वरूप विलास में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ वन मंत्री संजय शर्मा तथा समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि रमेश खींची भी विशेष रूप से मौजूद रहे। समारोह के दौरान शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लगभग 450 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मेघवाल समाज द्वारा आयोजित यह प्रतिभा सम्मान समारोह प्रेरणादायक है। इस तरह के आयोजनों से समाज के होनहार युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बजट को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री बजट के माध्यम से विकास को नई दिशा दे रहे हैं। आज प्रस्तुत बजट आमजन, युवाओं और गरीब वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे आने वाले समय में देश और प्रदेश दोनों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया।