महलकपुर में चोरों ने 3 घरों पर साधा निशाना:लाखों के जेवर और नकदी लेकर हुए फरार, मामला दर्ज
अलवर के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र के गांव महलकपुर में सोमवार को चोरों ने तीन मकानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित बद्री प्रसाद चौधरी पुत्र खैरातीलाल ने बताया कि चोरों ने उनके घर से करीब 5 लाख रुपये के जेवर और कुछ नकदी चुराई। वारदात के समय परिवार के साथ दूसरे मकान में सो रहे थे। वहीं उनका बेटा पुराने मकान में सोता था, जो सोमवार को किसी काम से बाहर गया हुआ था। इस दौरान चोरों ने ताला तोड़कर कमरे में रखी अलमारी से जेवरात चोरी कर लिए।
थाना अधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम बद्रीप्रसाद चौधरी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331 (4) और 305 (A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।