गोविंदगढ़ में घना कोहरा, विजिबिलिटी 50 मीटर: हाईवे पर यातायात प्रभावित, शीतलहर से बढ़ी ठंड
अलवर जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र में बुधवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हुआ। सुबह 8 बजे के बाद तक भी विजिबिलिटी महज 50 मीटर दर्ज की गई, जिससे वाहन धीमी गति से लाइट जलाकर चलते दिखे।
मौसम के इस बदले मिजाज का असर खेती पर भी दिखाई दे रहा है। किसानों के अनुसार, सरसों की फसल अब पकने की स्थिति में है, जबकि गेहूं और चने की फसलें अच्छी हालत में हैं। किसानों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में हल्की बारिश होती है, तो फसलों को फायदा मिलेगा और उत्पादन बेहतर हो सकता है।

हालांकि, बारिश के साथ ओलावृष्टि होने पर फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है। लगातार बदलते मौसम को लेकर किसान और आमजन दोनों ही सतर्क हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है।


