संविदा-प्लेसमेंट कर्मियों के शोषण के खिलाफ उठी आवाज
अलवर (अनिल गुप्ता) संविदा और प्लेसमेंट संघर्ष समिति से संबद्ध कार्मिकों ने सरकारी विभागों में कार्यरत प्लेसमेंट एजेंसी कर्मचारियों के शोषण के खिलाफ जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। यह ज्ञापन अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ से संबद्ध संघर्ष समिति की ओर से दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष यश जोशी और महामंत्री ऋतिक रोशन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्षों से विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं देने के बावजूद प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिए कार्मिकों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है। एजेंसियां वेतन से भारी कमीशन काट लेती हैं, जिससे कर्मचारियों को न्यूनतम जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। समय पर वेतन सीधे बैंक खातों में जमा कराने की मांग रखी गई।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही नहीं की तो कार्मिक आंदोलन और अनशन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।


