एक्शन मोड में जिला कलेक्टर: डॉ. अर्तिका शुक्ला ने कठूमर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश
कठूमर सीएचसी का होगा कायाकल्प, जिला कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर परखीं व्यवस्थाएं
कठूमर (दिनेश लेखी)। जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने बुधवार को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. योगेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
उपस्थिति और संसाधनों की जांच निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने सबसे पहले चिकित्सकों और कार्मिकों के उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। उन्होंने अस्पताल भवन, दवा वितरण केंद्र, लैब और वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
कायाकल्प के लिए 6 महीने का अल्टीमेटम अस्पताल भवन की स्थिति को देखते हुए डॉ. शुक्ला ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि आगामी छह माह के भीतर अस्पताल की मरम्मत और आवश्यक सुधार कर इसका पूरी तरह कायाकल्प किया जाए। वहीं, जर्जर हो चुके डॉक्टर क्वार्टर्स को लेकर एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल को शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने के आदेश दिए।
मरीजों से जाना हालचाल संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर ने महिला और सामान्य वार्ड में भर्ती प्रसूताओं एवं मरीजों से सीधे बात की। उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें दवाइयां और जांच की सुविधाएं मुफ्त और समय पर मिल रही हैं। मरीजों द्वारा संतोषजनक जवाब मिलने पर कलेक्टर ने खुशी जताई, लेकिन साथ ही हिदायत दी कि किसी भी मरीज को बाहर की दवा न लिखनी पड़े।
इस अवसर पर एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल, बीसीएमओ डॉ. अमरदीप गुर्जर, चिकित्सा प्रभारी डॉ. जवाहर सिंह सैनी सहित तहसील और नगर पालिका के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।