गृह रक्षा स्वयंसेवकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 16 से
खैरथल (हीरालाल भूरानी) गृह रक्षा स्वयंसेवकों की 409 पदों के लिए गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र अलवर और दौसा के अभ्यर्थियों के नए नामांकन के लिए 16 से 31 मार्च तक पुलिस लाइन, परेड ग्राउंड, अलवर में अभ्यर्थियों की शारीरिक (माप तौल) दक्षता परीक्षा होगी। केंद्र कमांडेंट हरि सिंह यादव ने बताया कि गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र अलवर (जिला खैरथल-तिजारा व कोटपूतली-बहरोड़) एवं दौसा के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया वर्ष 2022 का आयोजन 16 से 31 मार्च तक किया जाएगा।
कमांडेंट ने बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को एसएमएस व ई-मेल से सूचना भेजी जाएगी। प्रवेश पत्र विभागीय वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया निदेशालय गृह रक्षा राजस्थान की ओर से गठित बोर्ड की निगरानी में होगी। अलवर के 322 और दौसा के 87 पदों के लिए 55,685 अभ्यर्थी भाग लेंगे। अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।