राजस्थान दिवस के तहत जिले में होंगे विविध भव्य कार्यक्रम, 15 मार्च को आयोजित होगी विकसित राजस्थान रन
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 14 मार्च। राजस्थान दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन भरतपुर द्वारा 19 मार्च तक विभिन्न विभागों के सहयोग से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन में स्वच्छता, युवा सशक्तिकरण, डिजिटल जागरूकता, पर्यटन तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि 15 मार्च को युवा एवं खेल विभाग के तत्वावधान में प्रातः 6.30 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर से विकसित राजस्थान रन का आयोजन किया जाएगा। यह विकसित राजस्थान रन कलेक्ट्रेट परिसर से चौबुर्जा होते हुए किशोरी महल प्लाजा तक निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल राजस्थान अभियान के तहत आमजन को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कॉलेजों में प्रश्नोत्तरी, निबंध, भाषण तथा चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में प्रदर्शनी एवं ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) मेले का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 मार्च को राजस्थान का गौरव जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बणेश्वर धाम डूंगरपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका जिला स्तर पर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 मार्च को जयपुर में राजस्थान युवा शक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में राजस्थान को जानंे थीम पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 18 मार्च को जयपुर में प्रातः 11 बजे उद्योग विभाग के माध्यम से उद्योगपतियों के साथ संवाद, निवेश एवं रोजगार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर भी इन कार्यक्रमों का प्रसारण जिला कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गंगा मंदिर में प्रातः 6.30 से आरती कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा तथा 19 मार्च को किशोरी महल प्लाजा परिसर में पर्यटन विभाग के सहयोग से सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले की सांस्कृतिक विरासत एवं लोक कला से संबंधित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिला प्रशासन ने आमजन से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया।