हरसौली में फसल के बीच अफीम की खेती; पुलिस ने 5,050 पौधे जब्त कर एक आरोपी किया गिरफ्तार, 2 बीघा जमीन पर हो रही थी खेती
खैरथल (देवराज मीणा) हरसौली गांव में खैरथल थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने फसल के बीच उगाए गए 5,050 अफीम के हरे पौधे जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और वृताधिकारी लाल सिंह यादव के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
- दो बीघा खेत में छिपाकर उगाई जा रही थी अफीम
थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को 18 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरसौली गांव के पास एक खेत में गेहूं की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची और खेत की जांच की।
जांच के दौरान गेहूं की फसल के बीच लगभग दो बीघा जमीन पर अफीम के पौधे पाए गए। मौके पर मौजूद आरोपी ओमी पुत्र जगदीश प्रसाद दत्तक पुत्र प्रभो जाति जाट निवासी हरसौली ने खेत और अफीम की फसल को अपना होना स्वीकार कर लिया। मौके पर हल्का पटवारी से रिपोर्ट तैयार करवाई गई और राजस्व रिकॉर्ड की भी जांच की गई।
- 393 किलो अफीम जब्त
पुलिस ने खेत में उगे अफीम के पौधों को उखाड़कर गिनती की तो कुल 5,050 पौधे पाए गए। इनका कुल वजन 393 किलोग्राम निकला। इसके बाद पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर आरोपी ओमी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामकिशन यादव के साथ पुलिस टीम के सदस्य शामिल रहे, जिनमें रमेश चंद, अशोक कुमार, लक्ष्मण सिंह, विजय सिंह, धनपाल, जोगेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र, राजेश, ईश्वर, संतोष, संदीप, हंसराज तथा महिला कांस्टेबल पुष्पा शामिल रहे।