नीमला ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच विश्राम शर्मा और वार्ड पंचों ने संभाला पदभार
सकट नीमला ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच विश्राम (कोठीवाला) शर्मा ने शुक्रवार पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्रामीणों ने सरपंच, उपसरपंच और सभी वार्ड पंचों का माला पहनाकर व साफा बंधवाकर भव्य स्वागत किया।पदभार ग्रहण करने के पश्चात नवनिर्वाचित सरपंच विश्राम शर्मा को पूर्व सरपंच ने मोहर देकर चार्ज सौंपा इसके बाद प्रतिनिधियों ने समस्त ग्राम पंचायत क्षेत्र में घर-घर जाकर ग्रामीणों से आशीर्वाद लिया, जहां स्थानीय जनता ने सभी प्रत्याशियों का गर्मजोशी से स्वागत सत्कार किया।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा की और अपनी विभिन्न समस्याओं से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। सरपंच विश्राम शर्मा ने सभी को आश्वस्त किया कि पंचायत क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जाएंगे और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। पदभार ग्रहण समारोह में उपसरपंच नेनंतारा शर्मा, वार्ड पंच छोटेलाल, मदन, हरीश,गणपत, रामस्वरूप, आशीष, गिर्राज,पूजा, सरिता, और हेमा सहित पूर्व सरपंच पिंकी मीना,ग्राम विकास अधिकारी अनुभा गुप्ता, पटवारी प्रकाशी देवी,एल डी सी हेमराज सैनी,प्रभु दयाल मीना,जयराम गुर्जर,प्रहलाद शर्मा,विश्राम मीना सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

