महादेव-हनुमान के जयकारों से गूंजा भीलवाड़ा, धर्म ध्वजा स्थापना के साथ शिव महापुराण कथा का श्रीगणेश
भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) शहर में रविवार को उस समय भक्तिमय माहौल बन गया जब हर ओर संकटमोचन हनुमानजी महाराज और भगवान भोलेनाथ के जयकारे गूंज उठे। अवसर था 8 से 14 अप्रैल तक प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के लिए धर्म ध्वजा पूजन एवं स्थापना का, जो आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित हुआ।
श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर धर्म ध्वजा स्थापित की गई। ध्वज स्थापना श्री हरिशेवाधाम के महामंडलेश्वर श्री हंसरामजी उदासीन महाराज के करकमलों से तथा श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुई। अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन भी किया गया और कथा स्थल का शुभारंभ हुआ। इस दौरान कोटड़ी के गोभक्त संत लालदासजी महाराज का भी सानिध्य मिला। कार्यक्रम में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और आयोजन की सफलता के लिए देवताओं से आशीर्वाद मांगा गया।
पूरे अनुष्ठान का संचालन पंडित अशोक व्यास के नेतृत्व में हुआ, जिसमें पंडित देवेंद्र शास्त्री, ऋषि शास्त्री, हिमांशु शास्त्री, राजेंद्र शास्त्री और अविष शास्त्री सहित अन्य विद्वान शामिल रहे। कार्यक्रम आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें संरक्षक श्रीगोपाल राठी, राकेश पाठक, संयोजक अशोक बाहेती, गजानंद बजाज, महासचिव पीयूष डाड सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि धर्म ध्वजा स्थापना के साथ ही कथा स्थल पर विशाल टेंट और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कथा में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयारी की जा रही है। शहर में कथा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और श्रद्धालु बढ़-चढ़कर आयोजन से जुड़कर सेवा कार्यों में भागीदारी निभा रहे हैं।