खैरथल-किशनगढ़बास रोडवेज बस पांच माह से बंद, ऑटो में सफर करना मजबूरी; रोडवेज अधिकारी बोले- स्टाफ की कमी के कारण अस्थाई रूप से बंद की बसें
खैरथल (हीरालाल भूरानी) खैरथल-किशनगढ़बास मार्ग पर संचालित शटल बस बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय से किशनगढ़बास उपखंड के लिए कोई सीधी रोडवेज बस नहीं चलने से यात्रियों को डग्गेमार वाहनों में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
खैरथल जिला बनने के बाद जहां लोगों द्वारा उम्मीद की जा रही थी कि परिवहन के साधनों में बढ़ोतरी होगी, मगर इन सब के उलट सुविधाएं पहले की अपेक्षा कम होती जा रही हैं। पहले किशनगढ़बास से खैरथल के बीच तिजारा डिपो द्वारा सुबह से शाम तक चार शटल बस चलाई जा रही थी। इससे यात्रियों को हर पन्द्रह मिनट में साधन मिल जाता था। मगर दो साल पहले बसों की संख्या घटाकर केवल दो कर दी गई, लेकिन अब पिछले चार-पांच महीने से विभाग में स्टाफ की कमी का हवाला इन दोनों शटल बस को भी बंद कर दिया गया।
थ्री व्हीलर में लटककर सफर करने को मजबूर यात्रीः
खैरथल निवासी विकास कुमार, हेमंत कुमार, बाबूलाल शर्मा, शिवानी आदि ने बताया कि खैरथल से किशनगढ़ जाने के लिए पहले हर 15-20 मिनट में बस मिल जाती थी। मगर अब खैरथल से किशनगढ़बास के बीच चलने वाली शटल सेवा को बंद करने से आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को खैरथल से किशनगढ़बास आने जाने के लिए थ्री व्हीलर में यात्रा करनी पड़ रही है। वहीं थ्री व्हीलर भी क्षमता से अधिक सवारी बैठा कर ही चलते हैं। जब से तिजारा डिपो की शटल बस सेवा बंद हुई है, इस मार्ग पर श्री व्हीलर की संख्या बढ़ गई है। थ्री व्हीलर वाले यात्रियों से खैरथल का गंदा नाला पार होने पर किशनगढ़ तक चाहे कोई सवारी कहीं पर भी उतरे उससे पन्द्रह से बीस रुपए तक वसूलते हैं। शाम होते ही यात्रियों से पच्चीस रुपए तक किराया वसूल करते हैं। खैरथल से किशनगढ़बास के लिए प्रतिदिन 1200 से 1500 यात्री प्रतिदिन आवागमन करते हैं। एसडीएम कार्यालय, कोर्ट व नौकरी पेशा व अन्य कामों के लिए लोगों का खैरथल से किशनगढ़बास आनाजाना लगा रहता है। इस रूट पर कोई रोडवेज बस सेवा नहीं होने के कारण लोगों को डग्गेमार वाहनों से आवागमन करना पड़ता है।
इस संबंध में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम तिजारा बस डिपो के प्रबंधक पवन कटरा ने बताया कि किशनगढ़बास खैरथल के बीच शटल बस सेवा को फिलहाल स्टाफ व बसों की कमी के कारण अस्थाई रूप से बंद किया गया है। हमारी कोशिश है कि इस रूट पर जल्द शटल बस सेवा फिर से शुरू की जाएगी ताकि यात्रियों को इसका फायदा मिले।