मसारी में मंशा देवी के विशाल मेले का विधायक खींची ने किया उद्घाटन
कठूमर( दिनेश लेखी)। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मसारी में आयोजित होने वाले प्राचीन एवं आस्था के प्रतीक मंशा देवी विशाल मेले का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन कठूमर विधायक रमेश खींची ने फीता काटकर किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मसारी सरपंच मोहनलाल शर्मा (गुड्डू) ने की।
उद्घाटन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा- अर्चना एवं विधि-विधान के साथ मंशा माता का आह्वान किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस मौके पर विधायक रमेश खींची ने कहा कि ऐसे धार्मिक मेले हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत एवं समस्त ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा भी मेले में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों, झूलों एवं खानपान के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिससे बच्चों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी दिनों में मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन भी होगें।
इस मौके पर खोह मंडल अध्यक्ष विक्रम शर्मा, खुड़ियाना मंडल अध्यक्ष सियाराम पटेल, बेरका सरपंच कल्लूराम चौधरी, गोपेश भारद्वाज, सौंख सरपंच श्रीभान चौधरी, समयसिंह चौधरी, चुन्नीलाल शर्मा, भूदेव शर्मा, कमल शर्मा, मदन मानसिंह मीणा, रामचरण शर्मा, मोहन शर्मा, सुकेश सरपंच, सतवीर गुर्जर, जोरमल जाटव, प्रशांत जाटव, रूप सिंह जाटव, जमशेद खान, बुद्धा लाल सैनी, खेमसिंह, प्रदीप सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी मौजूद थे।