मादक पदार्थ तस्करी प्रकरण में वांछित 10 हजार के इनामी आरोपी मुकेश गुर्जर गुलाबपुरा पुलिस के हत्थे चढ़ा
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गुलाबपुरा पुलिस ने डीएसटी भीलवाड़ा और साइबर सेल टीम के सहयोग से मादक पदार्थ तस्करी प्रकरण में वांछित 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी मुकेश गुर्जर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
घटना की शुरुआत 18 मई 2024 को हुई थी, जब थाना आसीन्द के तत्कालीन थानाधिकारी हंसपाल सिंह (उ.नि.) द्वारा गश्त के दौरान ट्रेलर नंबर RJ-12 GB-1471 की तलाशी ली गई। ट्रेलर में सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 109 कट्टों में भरा 22 क्विंटल अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया था। इस मामले में शामिल वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गठित टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए उसका लोकेशन ट्रैक किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी इस मामले में पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने दावा किया है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार पुत्र मांगीलाल गुर्जर, उम्र 26 वर्ष, निवासी तोरनिया, थाना पारसोली, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी करने वाली विशेष टीम में थानाधिकारी संजय कुमार (पु.नि.), साइबर सेल के स.उ.नि. सत्यनारायण शर्मा, डीएसटी के एच.सी. ओमप्रकाश और साइबर सेल के कांस्टेबल राधेश्याम शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि जिला स्तर पर संगठित अपराध और मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार सघन अभियान जारी रहेंगे।