बांदका गांव में कीचड़, गंदगी से परेशान लोग: नाले के पानी से भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, गंभीर बीमारियां फैलने का भी डर
गोविंदगढ़ के पास बांदका गांव की मुख्य सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि यह दलदल में बदल गई है, जिससे राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीण आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं।
बच्चों को स्कूल जाने में हो रही परेशानी
गांव के बच्चे इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। अभिभावकों ने बताया- अक्सर बच्चे फिसलकर कीचड़ में गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े खराब होते हैं और पढ़ाई भी प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है। 
सड़क पर महीनों से जमा गंदा पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन गया है। ग्रामीण हेतराम शर्मा और रोहिताश कुमार ने बताया कि जलभराव के कारण गांव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो गया है। कई स्थानीय लोग बुखार से पीड़ित हैं।
पशुओं के लिए चारा लाने वाली महिलाओं और पैदल चलने वाले बुजुर्गों को भी इस रास्ते से गुजरने में काफी कठिनाई होती है। भारी बोझ के साथ कीचड़ भरी सड़क पार करना उनके लिए जोखिम भरा है। फिसलन के कारण बाइक-स्कूटर वाले भी चोटिल हो रहे हैं।