जालियां में किसानों का उग्र विरोध प्रदर्शन, जिंदल को फायदा पहुंचाने का आरोप
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) जिले की बनेड़ा तहसील के ग्राम जालियां में पत्थरगड़ी की कार्रवाई के दौरान किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर पहुंचे पटवारी कंजन शर्मा, गिरदावर कैलाश चंद तेली और जिंदल कंपनी के अधिकारियों के सामने किसानों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और कार्रवाई को रोकने की मांग की।
किसानों का आरोप है कि उनके खसरे जानबूझकर छोटे कर दिए गए हैं ताकि जिंदल कंपनी को फायदा पहुंचाया जा सके। इसको लेकर किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले खसरों की सही माप और शुद्धि की जाए, तभी आगे कोई कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक जिंदल कंपनी और प्रशासन के बीच पूर्व में हुए लिखित समझौते की शर्तें लागू नहीं की जातीं, तब तक पत्थरगड़ी का आदेश रद्द किया जाए।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने यह भी कहा कि लिखित शर्तों को पूर्ण कराने के संबंध में करीब 290 दिनों से उनका धरना प्रदर्शन चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद सरकार और प्रशासन ने उनकी समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एसडीएम, तहसीलदार, जिला कलेक्टर और राज्य सरकार की होगी।
किसानों ने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर खसरे की सही माप, जमीन की शुद्धि और समझौते की शर्तों को लागू करने की मांग की है, ताकि किसानों को न्याय मिल सके।

